समता भवन में होगा विशाल रक्तदान शिविर, अनेक जिंदगियाँ बचाने की ओर कदम

राजनांदगांव।
समाजसेवा की भावना और मानवता के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए समता युवा संघ, राजनांदगांव द्वारा एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन आगामी 5 अक्टूबर 2025, रविवार को प्रातः 10 बजे से किया जा रहा है। यह शिविर समता भवन, गौरव पथ, राजनांदगांव में आयोजित होगा।

इस आयोजन का विशेष महत्व है क्योंकि यह आचार्य प्रवर 1008 श्री नानालाल जी म.सा. के 26 वें पुण्य स्मृति दिवस और वर्तमान आचार्य प्रवर 1008 श्री रामलाल जी म.सा. के आचार्य पदारोहण दिवस के पावन उपलक्ष्य पर रखा गया है। समाज ने इन दोनों ही अवसरों को जनकल्याण से जोड़ते हुए रक्तदान जैसे महान कार्य को चुना है।

रक्तदान का महत्व सभी जानते हैं। आज के समय में दुर्घटनाएँ, गंभीर बीमारियाँ और ऑपरेशन जैसी परिस्थितियों में रक्त की आवश्यकता अत्यधिक रहती है। ऐसे में एक-एक दाता द्वारा दिया गया रक्त किसी के लिए जीवनरेखा बन जाता है। 

“किसी की साँसों को थमने न दो, किसी की धड़कनों को रुकने न दो, तुम्हारी एक बूँद किसी का जीवन संवार सकती है।” यह संदेश हर उस व्यक्ति को प्रेरित करता है, जो रक्तदान के लिए संकोच करता है।

समता युवा संघ ने समय-समय पर समाज के लिए अपनी सेवाएँ दी हैं और अनेक सामाजिक व धार्मिक आयोजनों के माध्यम से लोगों तक सेवा और सहयोग का संदेश पहुँचाया है। संघ का उद्देश्य केवल कार्यक्रम करना नहीं, बल्कि समाज में एक सकारात्मक और प्रेरणादायक माहौल तैयार करना है।

समता युवा संघ के संरक्षक व पूर्व अध्यक्ष श्री प्रवीण सेठिया ने कहा कि यह शिविर न केवल रक्त की आवश्यकता को पूरा करने का माध्यम बनेगा, बल्कि समाज में मानवीयता और सेवा की भावना को भी और अधिक गहरा करेगा। उन्होंने समाज के हर वर्ग से इस शिविर में भाग लेने की अपील की।

वहीं समता युवा संघ के वर्तमान अध्यक्ष श्री राजीव जी नाहटा ने बताया कि संघ ने इस शिविर को पूरी तरह से सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी कर ली है। आयोजन स्थल पर  नांदगांव ब्लड सेंटर की अनुभवी मेडिकल टीम अपनी विशेष सेवाएँ प्रदान करेगी। टीम द्वारा रक्तदाताओं की  स्वास्थ्य जांच की जाएगी और सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया जाएगा।

समता युवा संघ के मंत्री श्री अनुराग कोटड़िया ने अपने विचार रखते हुए कहा कि –
“रक्तदान वास्तव में जीवनदान है। यह दान किसी व्यक्ति को नई उम्मीद और जीवन का दूसरा अवसर देता है। समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का यह सबसे सरल और सर्वोत्तम तरीका है। समता युवा संघ हमेशा से सेवाभाव और सामाजिक उत्थान के लिए समर्पित रहा है। आगामी रक्तदान शिविर इसी भावना का प्रतीक है। मैं विशेषकर युवाओं से अपील करता हूँ कि वे इस कार्य में बढ़-चढ़कर सहयोग दें और समाज में मानवीय मूल्यों को और सशक्त बनाएं।”

कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समता युवा संघ ने विशेष रूप से युवाओं से सहयोग करने का आग्रह किया है। उनका मानना है कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से न केवल रक्तदान शिविर अधिक प्रभावी होगा, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण बनेगा।

साधुमार्गी संघ ने की सराहना

साधुमार्गी संघ राजनांदगांव के अध्यक्ष श्री ललित जी चौरड़िया एवं मंत्री श्री मनीष जी गोलछा ने युवा संघ द्वारा आयोजित इस रक्तदान शिविर की सराहना की है।
अध्यक्ष श्री ललित जी चौरड़िया कहा कि –
“रक्तदान सबसे बड़ा दान है और यह शिविर समाज में सहयोग और करुणा की भावना को और मजबूत करेगा। समता युवा संघ की यह पहल निश्चित ही मानवता के लिए प्रेरणादायक है।”
      मंत्री श्री  मनीष जी गोलछा समता युवा संघ को बधाई देते हुए अधिक से अधिक लोगों से शिविर में भाग लेने की अपील की, रक्तदान केवल किसी व्यक्ति की मदद करना नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज के प्रति दायित्व निभाने जैसा है। जब लोग एक साथ आकर इस प्रकार की सेवा गतिविधि में भाग लेते हैं तो न केवल जरूरतमंदों को सहारा मिलता है, बल्कि समाज में मानवीयता और करुणा की भावना भी और अधिक मजबूत होती है।

इस अवसर पर संघ ने विशेष अपील करते हुए कहा है कि –
“आपकी एक छोटी-सी पहल कई जिंदगियाँ बचा सकती है। रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं, क्योंकि यह जीवनदान है।”

दिनांक: 05 अक्टूबर 2025
समय: प्रातः 10 बजे से
स्थान: समता भवन, गौरव पथ, राजनांदगांव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *