
डोंगरगढ़ – क्वांर नवरात्रि पर्व 2025 का आयोजन 22 सितंबर से प्रारंभ होने के साथ ही मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु डोंगरगढ़ पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था में जुटा हुआ है। जिले के पुलिस अधीक्षक श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा और एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के दिशा-निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में लगातार गश्त, पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है।
मेले में कानून और व्यवस्था बनाए रखने हेतु 1000 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवानों की तैनाती की गई है। साथ ही पूरे मेला क्षेत्र की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरे भी लगाए गए हैं। पुलिस की यह पहल श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच सुरक्षा का भरोसा जगा रही है।
इसी बीच, 27 सितंबर की रात्रि में मेला ग्राउंड में कुछ बदमाशों द्वारा विवाद उत्पन्न करने और श्रद्धालुओं व दुकानदारों को परेशान करने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना पर तत्काल डोंगरगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपियों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन आरोपियों के नहीं मानने पर पुलिस ने उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की।
पुलिस ने 06 बदमाशों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया। इन आरोपियों में अभिषेक कुमार उर्फ बिहरवा साव (भिलाई), संतोष यादव (रायपुर), अविनाश टांडी (दुर्ग), रोहित कुमार (दुर्ग), जुबैद मिर्जा (दुर्ग) और देवेन्द्र सोरी (राजनांदगांव) शामिल हैं।
पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि नवरात्रि मेला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, असामाजिक तत्वों की हरकत या शांति भंग करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
डोंगरगढ़ थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने बताया कि पुलिस लगातार मेले में गश्त कर रही है और संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाए हुए है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
श्रद्धालु और दुकानदार भी पुलिस प्रशासन की सक्रियता से संतुष्ट नजर आए। उनका कहना है कि पुलिस की सख्ती और निगरानी से मेले का माहौल शांतिपूर्ण बना हुआ है और लोग निश्चिंत होकर मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर पा रहे हैं।
कुल मिलाकर, नवरात्रि पर्व के बीच डोंगरगढ़ पुलिस का यह त्वरित और सख्त कदम यह संदेश देता है कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
