
राजनांदगांव। जिले में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने डोंगरगढ़ पुलिस लगातार मुहिम चला रही है। इसी क्रम में थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए फरार आरोपी पवन गौली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत अवैध शराब जप्त की गई थी।
पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव श्री मोहित गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राहुल देव शर्मा एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री आशीष कुंजाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डोंगरगढ़ निरीक्षक उपेंद्र कुमार शाह के नेतृत्व में पुलिस लगातार अवैध शराब, सट्टा, जुआ और असामाजिक गतिविधियों पर पैनी नजर रख रही है। पुलिस द्वारा क्षेत्र में गश्त, पेट्रोलिंग, नाकाबंदी एवं होटल-ढाबों की नियमित चेकिंग की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
मुखबिर की सूचना पर की गई कार्यवाही
20 सितंबर 2025 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पवन गौली पिता मोहन गौली उम्र 28 वर्ष, निवासी बुधवारी पारा डोंगरगढ़, अपने मकान के कोठा में अवैध शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी पुलिस की भनक लगते ही फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके कोठा एवं आसपास से कुल 34 पौवा देशी शराब (14 पौवा मसाला और 20 पौवा प्लेन) बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 6.120 बल्क लीटर पाई गई जिसकी अनुमानित कीमत 3,000 रुपये आंकी गई।
गिरफ्तार कर भेजा गया जेल
विवेचना के दौरान 23 सितंबर को पुलिस को फिर सूचना मिली कि आरोपी अपने घर के पास घूम रहा है। इस पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
टीम का रहा सराहनीय योगदान
इस कार्यवाही में सउनि विजय साहू, प्रधान आरक्षक अखील अंबादे, आरक्षक चितेश गात्रे और युगेन्द्र देशमुख की भूमिका सराहनीय रही। थाना डोंगरगढ़ पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध शराब बिक्री, सट्टा या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही कर उन्हें जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
लगातार जारी रहेगी सख्ती
थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार शाह ने बताया कि क्षेत्र में निरंतर गश्त एवं नाकाबंदी की कार्यवाही की जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों, पॉकेटमारों, चाकूबाजों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।
