ट्रामा सेंटर व सिटी स्कैन मशीन ‘ड्रामा सेंटर’ न साबित हो फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी प्रदेशाध्यक्ष ने उठाए सवाल, निजी अस्पतालों की लापरवाही पर भी साधा निशाना

राजनांदगांव।
राजनांदगांव जिला अस्पताल में ट्रामा सेंटर और सिटी स्कैन मशीन का लोकार्पण तथा भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा लगाने के भूमि पूजन कार्यक्रम पर फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष शिवशंकर सिंह गौ ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने आशंका जताई है कि यह पहल भी पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में लगाए गए वॉटर एटीएम की तरह केवल दिखावा न साबित हो।

शिवशंकर सिंह ने कहा कि वॉटर एटीएम वर्षों पहले लगाया गया था, लेकिन आज तक शुरू नहीं हो पाया है। इसी तरह ट्रामा सेंटर और सिटी स्कैन मशीन भी कहीं भ्रष्टाचार व निजी स्वार्थ की भेंट न चढ़ जाएं, इसे देखना होगा।

निजी अस्पतालों की लूट से ध्यान भटकाने का आरोप

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि बीते दस दिनों में संजीवनी और दीक्षित मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में तीन से चार गंभीर लापरवाही के मामले सामने आए हैं, जिनसे जिले की छवि धूमिल हुई है। हर दो दिन में मौतें हो रही हैं, लेकिन शासन-प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके उलट, हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम कर जनता का ध्यान वास्तविक समस्याओं से भटकाया जा रहा है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता निखिल द्विवेदी ने भी केवल पाँच मिनट फोटो खिंचाकर निजी अस्पतालों के खिलाफ आवाज उठाने का दिखावा किया। बाद में जब वे स्वास्थ्य मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष से मिलने जा रहे थे, तो प्रशासन ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। शिवशंकर सिंह ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया, लेकिन साथ ही कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी तब भी निजी अस्पतालों की शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सीएमएचओ पर संरक्षण देने का आरोप

शिवशंकर सिंह ने आरोप लगाया कि जिला चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरत्न निजी अस्पतालों के संरक्षण में खड़े रहते हैं। पिछले दो वर्षों से लगातार शिकायतें देने के बावजूद न तो सीएमएचओ और न ही कलेक्टर ने कोई ठोस कदम उठाया। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड योजना में गड़बड़ियों की शिकायतें भी लगातार की गईं, लेकिन उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

जनता को जागरूक करने फ्लेक्स लगाएंगे

निजी अस्पतालों की लापरवाही से आक्रोशित शिवशंकर सिंह ने बताया कि अब जनता को जागरूक करने के लिए नगर निगम क्षेत्र में फ्लेक्स लगाने की तैयारी की गई है। इसके लिए उन्होंने नगर निगम आयुक्त को लिखित आवेदन भी सौंपा है।

कठोर कार्रवाई की मांग

प्रदेशाध्यक्ष ने साफ कहा कि यदि शासन-प्रशासन ने निजी अस्पतालों की मनमानी पर रोक नहीं लगाई तो जनता का भरोसा खत्म हो जाएगा। उन्होंने संजीवनी और दीक्षित हॉस्पिटल सहित सभी निजी अस्पतालों की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *