राजनांदगांव के पंडित किशोरी लाल शुक्ल विधि महाविद्यालय में गणेशोत्सव : 56 भोग, महा आरती, हनुमान चालीसा पाठ और भक्ति गीतों से गूंजा परिसर

राजनांदगांव। पंडित किशोरी लाल शुक्ल विधि महाविद्यालय में गणेशोत्सव का भव्य आयोजन धूमधाम से संपन्न हुआ। महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और प्राध्यापकों ने मिलकर भगवान श्री गणेश जी की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। भगवान गणेश को 56 भोग अर्पित कर भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ। विभिन्न प्रकार के व्यंजन, फल, पकवान और मिठाइयों से सजे भोग थाल ने आयोजन की शोभा बढ़ाई।

पूजन के उपरांत भगवान गणेश की महा आरती संपन्न हुई। दीपमालाओं, पुष्पों और सुगंधित धूप से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर उपस्थित छात्र-छात्राओं और अध्यापकों ने मिलकर सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा पाठ किया। सामूहिक पाठ के दौरान “गणपति बप्पा मोरया” और “जय बजरंगबली” के जयघोष से पूरा महाविद्यालय गूंज उठा।

कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय के प्रोफेसर श्री अतुल सोनी ने सभा का सफल संचालन किया। साथ ही ब्राह्मण समाज महिला  पूर्व अध्यक्ष श्रीमती अर्चना मिश्रा ने अपनी मधुर वाणी में एक विशेष कविता प्रस्तुत की, जिसमें भगवान श्री गणेश जी के गुणों का बखान किया गया। उनकी कविता ने उपस्थित सभी विद्यार्थियों और अतिथियों के मन को भक्ति और प्रेरणा से भर दिया।

महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा ने महा आरती की शुभकामनाएँ व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सकारात्मक ऊर्जा से जोड़ते हैं।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय के कक्ष को रंग-बिरंगी झालरों, दीपों और पुष्पमालाओं से सजाया गया था। विद्यार्थियों ने औपचारिक परिधान में उपस्थित होकर कार्यक्रम को और गरिमामय बनाया। कार्यक्रम में भक्ति गीतों और स्तुति गायन ने भी आध्यात्मिकता का माहौल निर्मित किया।

पूरे आयोजन का समापन भगवान गणेश जी को अर्पित किए गए 56 भोग के प्रसाद वितरण के साथ हुआ। विद्यार्थियों और अध्यापकों ने मिलकर प्रसाद ग्रहण किया और सामूहिक मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *