सरकारी साइन बोर्ड पर प्राइवेट होर्डिंग, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा – शिव शंकर सिंह गौर ने की कार्रवाई की मांग

देवरी (जिला बालोद)।
बालोद जिले के अंतर्गत ग्राम देवरी स्थित पुलिस थाना के समीप मुख्य मार्ग पर यातायात विभाग द्वारा लगाए गए आधिकारिक साइन बोर्डों पर प्राइवेट अस्पताल “रुस्तम मेमोरियल हॉस्पिटल” के बड़े-बड़े होर्डिंग लगाए गए हैं। यह होर्डिंग न केवल सरकारी संपत्ति के उपयोग का उल्लंघन है, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों का कहना है कि यह मार्ग व्यस्त है और रात के समय जब गाड़ियाँ हेडलाइट के सहारे चलती हैं, तब ये होर्डिंग साइन बोर्ड को पूरी तरह ढक लेते हैं, जिससे दिशा और यातायात संकेतों को पढ़ना कठिन हो जाता है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। खासतौर पर तेज रफ्तार से चलने वाली गाड़ियाँ गलत मोड़ या दिशा में मुड़ सकती हैं।

चिंता की बात यह भी है कि यह स्थिति ठीक पुलिस थाना के सामने है, जहां आम नागरिकों की गाड़ियों में मामूली त्रुटियों पर चालान काटा जाता है, लेकिन सरकारी साइन बोर्ड पर लगाए गए प्राइवेट होर्डिंग्स पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही। इससे दोहरा मापदंड और प्रशासन की उदासीनता उजागर होती है।

फॉरवर्ड डेमोक्रेटिक लेबर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिव शंकर सिंह गौर ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा,
“सरकारी साइन बोर्ड पर निजी विज्ञापन लगाना कानूनन गलत है और यह जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ है। पुलिस थाना के सामने ही अगर ऐसे नियमों का उल्लंघन हो रहा है, तो आम जनता क्या उम्मीद करे?”

उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि क्या यातायात विभाग या स्थानीय प्रशासन को इस प्रकार के विज्ञापनों के लिए कोई शुल्क दिया गया है, और यदि नहीं, तो यह स्पष्ट रूप से सरकारी संसाधनों का दुरुपयोग है। श्री गौर ने प्रशासन से मांग की कि तुरंत इस प्रकार के होर्डिंग्स को हटाया जाए और दोषियों पर कानूनी कार्यवाही की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *